वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हुआ जशपुर जिले के ग्रामीण अंचल रायपुर, 14 अगस्त 2026 हर घर तिरंगा अभियान के तहत जशपुर जिले में राष्ट्रप्र...

वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हुआ जशपुर जिले के ग्रामीण अंचल
रायपुर, 14 अगस्त 2026

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जशपुर जिले में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की एक अद्भुत लहर देखने को मिल रही है। जिले के ग्रामीण अंचल में राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने की कमान बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने संभाली है। महिलाओं ने अपने-अपने क्लस्टर और ग्राम पंचायतों में पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान की शानदार शुरुआत की।
’8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की सक्रिय भागीदारी’
अभियान के पहले चरण में जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की महिलाओं ने एकजुट होकर सहभागिता दर्ज की। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा ग्रामीण परिवेश देशभक्ति के रंग में रंग गया। जशपुर विकासखंड के घोलेंग क्लस्टर, कुनकुरी विकासखंड के नारायणपुर एवं बंदरचुआ क्लस्टर, मनोरा विकासखंड के आस्था एवं सोनकियारी क्लस्टर, अन्य विकासखंड पत्थलगांव, दुलदुला, बगीचा एवं फरसाबहार के सभी क्लस्टरों की महिलाएं हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हुई।
’9 से 17 अगस्त तक आयोजित हो रहा है विशेष अभियान’
जशपुर जिले में यह हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तिरंगा लहराने के साथ-साथ देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगीत के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना जागृत कर रही हैं।
ग्रामीण महिलाओं की यह अभूतपूर्व भागीदारी न केवल अभियान को जन-जन तक पहुंचा रही है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता में नारी शक्ति की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित कर रही है। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की यह सामूहिक उपस्थिति हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा के संकल्प को पूरी तरह साकार कर रही है।

No comments