अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 पदों की जानकारी प्राप्त 10वीं-12वीं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग एवं स्नातकोत्त...
अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 पदों की जानकारी प्राप्त
10वीं-12वीं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग एवं स्नातकोत्तर युवाओं तक के लिए रोजगार के अवसर
ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी
रायपुर, 25 सितंबर 2026
प्रदेश के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आगामी 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में दो दिवसीय वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं कौशल विकास व रोजगार मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं।
अब तक 8,720 रिक्तियां प्राप्त
राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कंपनियों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से रिक्तियों के संकलन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थी अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार पदों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकें।
अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे मेले में उपलब्ध रोजगार अवसरों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
विविध क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क एवं मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स एवं डिलीवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्राप्त रिक्तियों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर (QA/QC), सेल्स एग्जीक्यूटिव/ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर, पिकर-पैकर तथा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस एवं ट्रेनी सहित अनेक पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग (बी.ई./बी.टेक.), कृषि स्नातक (B.Sc. Agri), सामान्य स्नातक तथा स्नातकोत्तर (MBA/MCA आदि) योग्यताधारी युवा अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
प्रमुख कंपनियां एवं संस्थाएं होंगी शामिल
रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स, फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
इन संस्थाओं द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी कार्य के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
ई-रोजगार पोर्टल से होगी ऑनलाइन आवेदन एवं चयन प्रक्रिया
मेले की चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक युवा घर बैठे उपलब्ध रिक्तियों का अवलोकन कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार उपयुक्त पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
नियोजक भी पोर्टल पर उपलब्ध अभ्यर्थियों की प्रोफाइल एवं आवेदन के आधार पर चयन प्रक्रिया संचालित कर सकेंगे। इससे मेले के पूर्व भी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग एवं प्रारंभिक चयन प्रक्रिया की जा सकेगी।
युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता – गुरु खुशवंत साहेब
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्यस्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से स्थानीय उद्योगों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित नियोजकों को एक मंच पर लाया जा रहा है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध पदों के लिए आवेदन करने का आह्वान किया।
व्यापक प्रचार-प्रसार और नियोजकों से सीधे समन्वय के निर्देश – डॉ. बसवराजु एस.
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. (आईएएस) ने रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसकी जानकारी प्रदेश के सुदूर अंचलों के युवाओं तक भी पहुंचे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अधिक से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नियोजकों से सीधे संपर्क स्थापित कर अतिरिक्त रिक्तियां प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उद्योगों एवं नियोजकों से भी रोजगार मेले में सक्रिय भागीदारी कर अपने संस्थानों में उपलब्ध अधिक से अधिक रिक्त पदों की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
प्रमुख उद्योगों से लगातार किया जा रहा संपर्क – हेमंत रमेश नंदनवार
संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण श्री हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभागीय स्तर पर रिक्तियों के संकलन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है और उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अन्य प्रमुख उद्योगों एवं नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। मेले में अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन एवं चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
युवाओं से अपील – ई-रोजगार पोर्टल पर शीघ्र करें आवेदन
विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल –https://www.erojgar.cg.gov.in/पर शीघ्र पंजीयन कर अपनी प्रोफाइल को पूर्ण एवं अद्यतन करें तथा राज्यस्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत प्रदर्शित रिक्तियों में अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करें।
जिन अभ्यर्थियों का आधार एवं मोबाइल नंबर संबंधी विवरण अद्यतन नहीं है, वे आवश्यक जानकारी तत्काल अपडेट कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें। आयोजन, आवेदन एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल एवं अपने लॉगिन का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
उद्योगों एवं नियोजकों के लिए संपर्क
राज्यस्तरीय रोजगार मेले में भाग लेने तथा अपने संस्थान की रिक्तियां उपलब्ध कराने के इच्छुक उद्योग, प्रतिष्ठान एवं नियोजक रोजगार विभाग से निम्न मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
???? +91-7999385638
???? +91-7000397968
विभाग ने प्रदेश के औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अधिकाधिक संख्या में रोजगार मेले में भागीदारी कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की है।

No comments