कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचकर नागरिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास ...

कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचकर नागरिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की
हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी, राशन कार्ड, किसान किताब, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य सामग्रियों का किया गया वितरण
21 मई को ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर
रायपुर, 20 मई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत अमोरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में अमोरा क्लस्टर की 19 ग्राम पंचायतें शामिल हुईं। इनमें अमोरा, सेंदरी, महंत, खैरा, दर्री, घुठिया, चौराभांठा, अवरीद, चोरभट्ठी, बुड़ेना, जगमहंत, सिंऊड़, दहिदा, बरबसपुर, सेमरा, तेन्दुआ, गिद्धा, पोंड़ी एवं कोटिया ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सहभागिता की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, किसान किताब, बी-1, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नक्शा-खसरा, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 1320 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1203 मांग तथा 117 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल हैं।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपनी समस्या खुलकर रखने और उसका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका निराकरण करें। कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए ई-केवाईसी कराने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने और विद्यालयों से नियमित रूप से जुड़े रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
21 मई को ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 21 मई को जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत बिलारी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में बिलारी, धरदेई, लोहर्सी, महका, मेंहदी, बुंदेला, भंवतरा, पनगांव, कोसला, पेण्ड्री, बारगांव, चेउडीह, कुटराबोड़, भदरा, डुड़गा, मुड़पार (ब), मेंउ, कोहका एवं पकरिया सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

No comments