रायपुर, 01 अप्रैल 2026 खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन राजनांदगांव ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कले...

रायपुर, 01 अप्रैल 2026
खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन राजनांदगांव ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की।
खनिज विभाग की टीम ने ग्राम भर्रेगांव, खुटेरी, रवेली, कोटरासरार, अर्जुनी, भोथली और बाघमार सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मुरूम और मिट्टी के अवैध उत्खनन व परिवहन के कई मामले सामने आए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत ग्राम खुटेरी निवासी गोविन्द साहू के स्वामित्व वाली हाईवा (सीजी 07 बीएम 2500) को जब्त किया गया। यह वाहन ग्राम सिकोला निवासी चालक टोमन यादव द्वारा अवैध रूप से मुरूम और मिट्टी का परिवहन करते हुए पाया गया। इसी तरह ग्राम देवरी निवासी रूपेश साहू के स्वामित्व की जेसीबी (सीजी 24 यू 4031) को भी जब्त किया गया, जिसे ग्राम केंवट नवागांव निवासी मोहित कुमार अवैध उत्खनन में उपयोग कर रहा था। दोनों वाहनों को कार्रवाई के बाद थाना सोमनी के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रकरणों में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी।

No comments