रायपुर, 05 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आग...
रायपुर, 05 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं न केवल अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि अपने कौशल का उपयोग कर परिवार की आय में भी योगदान दे रही हैं।
कोरबा नगर के पोड़ीबहार क्षेत्र में निवासरत महंत परिवार की महिलाओं के जीवन में भी इस योजना से सकारात्मक परिवर्तन आया है। परिवार की मुखिया श्रीमती रथबाई महंत, उनकी पुत्री राधिका महंत तथा बहुएं गुरवारी और उर्मिला देवी इस योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
रथबाई महंत बताती हैं कि पहले सीमित संसाधनों और अवसरों के अभाव में परिवार की महिलाएं अपने कौशल का पूरा उपयोग नहीं कर पाती थीं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
परिवार की बहुएं गुरवारी और उर्मिला देवी बताती हैं कि पहले उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे स्वयं अपने खर्चों का प्रबंधन कर रही हैं और परिवार की आय में सहयोग दे रही हैं। उर्मिला देवी ने बताया कि घर की महिलाएं अपनी आय का एक हिस्सा बैंक में बचत के रूप में जमा भी कर रही हैं।
वहीं राधिका महंत ने योजना से मिली सहायता का उपयोग कर घर पर सिलाई-कढ़ाई का कार्य प्रारंभ किया है। आसपास के लोग उनके पास कपड़े सिलवाने तथा फॉल-पीकू कराने के लिए आने लगे हैं, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का विश्वास भी प्रदान किया है।

No comments