रायपुर, 05 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन गई है। मुख्यमंत्री विष्णुद...

रायपुर, 05 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे परिवार और समाज में आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा सकें। योजना का लाभ लेकर प्रदेश की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर रही हैं।
बलरामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत जाबर की निवासी श्रीमती रजमुनी देवी भी इस योजना से लाभान्वित महिलाओं में शामिल हैं। वे बताती हैं कि उनका परिवार मजदूरी पर निर्भर है और पहले सीमित आय के कारण घर का खर्च चलाना कठिन हो जाता था। ऐसे में महतारी वंदन योजना उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
रजमुनी देवी के अनुसार, योजना के तहत हर महीने उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि जमा हो जाती है, जिससे घर की छोटी-बड़ी जरूरतें आसानी से पूरी हो जाती हैं। वे कहती हैं कि पहले कई बार आवश्यक जरूरतों के लिए इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से काफी सहारा मिला है। उनके अनुसार यह योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिए मुश्किल समय में संबल का काम कर रही है।
रजमुनी देवी ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिल रही है।

No comments